Sheikhpura जिले में मंगलवार सुबह दो अज्ञात युवकों के शव बोरे में बंद मिलने से हड़कंप मच गया। यह मामला अरियरी प्रखंड के कसार थाना क्षेत्र स्थित कसार गांव के बघार इलाके का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बघार में संदिग्ध हालत में पड़े बोरे को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे को खोला तो उसमें दो युवकों के शव मिले। घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
पुलिस के अनुसार दोनों शवों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि हत्या के बाद शवों को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके में फेंका गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में पहचान और आरोपियों की तलाश के लिए छानबीन तेज कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।















