बिहार के मोतिहारी से कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। तुरकौलिया थाना परिसर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात दरोगा के साथ मारपीट कर दी। थाना परिसर में हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इलाके में चर्चा का माहौल बन गया।
घटना मोतिहारी के तुरकौलिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सेमरा टोला निवासी युवक फिरोज आलम शराब के नशे में सीधे थाना परिसर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थाना पहुंचते ही उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करने लगा।
ड्यूटी पर मौजूद दरोगा वरुण कुमार ने जब युवक को शांत कराने और स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की, तभी आरोपी ने आपा खो दिया। आरोप है कि युवक ने दरोगा पर थप्पड़ और मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना के बाद आरोपी युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान थाना परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग यह देखकर हैरान रह गए कि एक युवक ने थाना के अंदर ही पुलिस अधिकारी पर हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सेमरा टोला निवासी फिरोज आलम, पिता सुलेमान अंसारी के रूप में हुई है। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में युवक के शराब पीने की पुष्टि भी हुई है।
पीड़ित दरोगा वरुण कुमार के बयान पर तुरकौलिया थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अपर थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब थाना परिसर जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।















