पटना में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां आपसी विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। डुमरी संपर्क पथ के पास तीन युवकों के बीच हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक कार से पटना से डुमरी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जिस कार से वे आए थे, उस पर “भारत सरकार” और “GST” लिखा हुआ था, जिससे मामला और भी संदिग्ध नजर आ रहा है। डुमरी संपर्क पथ के पास किसी बात को लेकर तीनों युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने मिलकर बिट्टू नामक युवक पर गोली चला दी।
गोली बिट्टू के कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत फतुहा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान पटना के कोरजी निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर लोगों को डराने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान कोई अन्य घायल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से संदिग्ध कार को बरामद कर लिया है। साथ ही मौके से तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
फतुहा डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।















