बेगूसराय, अजय कुमार शास्त्री।
बिहार की राजनीति में इन दिनों “हरा गमछा” बयान को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हालिया बयान पर अब विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक बोगो सिंह ने मुख्यमंत्री के बयान को लेकर NDA सरकार पर निशाना साधा है।
RJD विधायक बोगो सिंह ने कहा कि “हरा गमछा, पीला गमछा या भगवा गमछा से कुछ नहीं होता, जनता सब देख रही है। आने वाला वक्त महागठबंधन का है और यही वजह है कि NDA के लोग घबराए हुए हैं।” हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से यह बयान शायद भूलवश निकल गया होगा, लेकिन इस तरह के बयान से राजनीतिक विवाद खड़ा होना स्वाभाविक है।
बोगो सिंह ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “आज बिहार में अपराधी खुलेआम दिन-दहाड़े तांडव कर रहे हैं। बहू-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं है और सरकार सिर्फ जीरो टॉलरेंस की बात कर रही है।”
उन्होंने हाल के दिनों में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों पर अब तक सख्त कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने पूछा कि “जब सरकार अपराधियों को पाताल से ढूंढ निकालने की बात करती है, तो फिर अब तक मुख्य सरगना कौन है, इसका खुलासा क्यों नहीं हो पाया? होटल मालिकों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?”
बेगूसराय में हाल ही में एक युवती के साथ हुई कथित घटना का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार कर रही हैं और सरकार को केवल बयानबाजी नहीं बल्कि ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं पर भी बोगो सिंह ने प्रतिक्रिया दी, जिनमें उनके JDU कार्यालय पटना जाकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात के बाद “घर वापसी” की अटकलें लगाई जा रही थीं। इस पर उन्होंने साफ कहा कि “बोगो सिंह किसी का दामन नहीं छोड़ता, बल्कि लोग ही बोगो सिंह के पीठ में खंजर घोंपकर उसे छोड़ देते हैं।”
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें पार्टी और जाति से ऊपर उठकर जनता का विश्वास जीतने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम करना चाहती है, तो उसे जमीन पर कार्रवाई कर दिखानी होगी।














