पटना: राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला दानापुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां रविवार देर रात एक गैस वेंडर की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
तक्षशिला कॉलोनी के पास हुई वारदात
जानकारी के अनुसार दानापुर थाना क्षेत्र के नासरीगंज बिस्कुट फैक्ट्री रोड स्थित तक्षशिला कॉलोनी के समीप बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में खौफ का माहौल बन गया।
सीतामढ़ी का रहने वाला था मृतक
मृतक की पहचान 30 वर्षीय इंदल साव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सीतामढ़ी जिले के रूनीसैदपुर थाना क्षेत्र के बनसपति गांव का निवासी था। इंदल साव दानापुर के गोला रोड स्थित बैंक कॉलोनी में रहकर एलपीजी गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
परिचित के साथ निकला, फिर मिली मौत की खबर
परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे इंदल साव अपनी दुकान के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका एक परिचित बाइक से वहां पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर चला गया। करीब एक घंटे बाद इंदल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई। इसके कुछ देर बाद परिजनों को उसके साथ अनहोनी की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि तक्षशिला कॉलोनी के पास अपराधियों ने इंदल साव को निशाना बनाते हुए तीन गोलियां मारीं। एक गोली उसके सीने में, दूसरी पसली के पास और तीसरी हाथ में लगी। गंभीर चोटों के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटनास्थल से मोबाइल और खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही दानापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और गोली का एक खोखा बरामद किया है। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है।
जल्द होगा खुलासा : एएसपी
मामले को लेकर एएसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।















