• Home
  • Blog
  • देर रात्रि भीषण अगलगी में दो घर जले, लाखों की संपत्ति स्वाहा

देर रात्रि भीषण अगलगी में दो घर जले, लाखों की संपत्ति स्वाहा

बखरी (बेगूसराय)।
बखरी थाना क्षेत्र के राटन वार्ड संख्या–09 स्थित उदनचक गांव में देर रात्रि करीब 10 बजे अचानक लगी भीषण आग से दो आवासीय घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में उदनचक गांव निवासी महेंद्र साहू तथा उनके पड़ोसी राजकुमारी देवी (पति–योगेंद्र साहू) के घरों को भारी क्षति पहुंची है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नकद रुपये सहित रोजमर्रा के उपयोग की लगभग सभी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। इस घटना में पीड़ित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सबसे पहले महेंद्र साहू के घर से अचानक धुआं निकलता देखा गया, जिसके कुछ ही क्षण बाद आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवा के कारण आग की लपटें बगल में स्थित राजकुमारी देवी के घर तक पहुंच गईं, जिससे उनका घर भी पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी, पानी और अन्य संसाधनों के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद तुरंत घटना की सूचना बखरी थाना को दी गई, जिसके पश्चात अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया।

सूचना मिलने पर अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण वाहन में उपलब्ध पानी समाप्त हो गया। इसके बाद नावकोठी से दूसरा अग्निशमन वाहन मंगाया गया, जिसकी मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दोनों घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

इस अगलगी की घटना के बाद दोनों पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। उनके समक्ष रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों की मदद करते हुए उन्हें अस्थायी रूप से भोजन और आश्रय उपलब्ध कराने का प्रयास किया।

आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को अविलंब आपदा राहत कोष से मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

बखरी से रामसेवक स्वामी की रिपोर्ट

Releated Posts

पूर्व विधायक सतीश कुमार के निधन पर सीएम नीतीश कुमार ने जताया शोक, निशांत ने किया अंतिम दर्शन

पटना: अस्थावां और सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक सतीश कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक…

ByByAjay Shastri Mar 10, 2026

बेगूसराय: बंदूक दिखाकर किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

वीरपुर (बेगूसराय): जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास…

ByByAjay Shastri Mar 10, 2026

मुंगेर में बड़ा खुलासा: स्वास्थ्य उप-केंद्र से ग्रामीणों को बांटी गई एक्सपायरी दवाएं, जांच के आदेश

MUNGER: जिले के जमालपुर प्रखंड अंतर्गत हालिमपुर गौरीपुर स्वास्थ्य उप-केंद्र (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) से एक बेहद चौंकाने…

ByByAjay Shastri Mar 10, 2026

बेगूसराय में जिला समन्वय समिति की बैठक, डीएम ने योजनाओं की प्रगति और जन-शिकायतों के त्वरित निपटारे के दिए निर्देश

बेगूसराय। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला…

ByByAjay Shastri Mar 10, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top