बेगूसराय। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति तथा जन-शिकायतों के निष्पादन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त नगर निगम, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता सहित कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा (14 मार्च 2026) को लेकर विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को स्टॉल प्रस्तुति, योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट तथा संभावित शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरा करने को कहा।
इसके अलावा विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त जन-शिकायतों की समीक्षा भी की गई। समीक्षा के दौरान CM ई-डैशबोर्ड पोर्टल, CPGRAMS और जनता दरबार में आए मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण और RTPS के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता को समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
साथ ही प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में डीएम श्रीकांत शास्त्री ने सभी अधिकारियों को जन-शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने तथा जिले में चल रही विकास योजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट














