बेगूसराय: जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। सिंघौल थाना क्षेत्र स्थित एनएच-31 पर अहले सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) राजीव कुमार, सदर अंचलाधिकारी (CO) राहुल कुमार और ओएसडी रंजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, तीनों अधिकारी एक ही वाहन से सिमरिया घाट निरीक्षण कर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में CO राहुल कुमार के दोनों हाथों में फ्रैक्चर, DTO राजीव कुमार के पैर और रीढ़ की हड्डी में चोटें आई हैं, जबकि OSD रंजीत कुमार को मामूली चोटें लगी हैं। तीनों को तत्काल बेगूसराय ग्लोकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जैसे ही घटना की जानकारी मिली, डीएम तुषार सिंगला और एसपी मनीष कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
डॉक्टरों के अनुसार, तीनों अधिकारी अब खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है।















