बेगूसराय जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना मुंगेर पुल के पास साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार में आ रहे दो ट्रक आपस में टकरा गए, जिससे दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मृतकों की पहचान सत्यम कुमार (पुत्र स्व. गिरधारी राय), निवासी ग्राम-Post बाद बखड्डा, थाना छौड़ाही, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है। दूसरे चालक की पहचान समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटाने के बाद यातायात को बहाल किया गया।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट














