बिहार के Bhagalpur जिले में 17 अप्रैल से जनगणना प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसको लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समीक्षा भवन में पूरी तैयारी और प्रक्रिया की जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि इस बार जनगणना की शुरुआत मकानों की सूची बनाने और गिनती से होगी। खास बात यह है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी।
1 मई तक खुद भर सकेंगे जानकारी
लोगों को 1 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी गई है। यानी नागरिक खुद पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
कैसे भरें जनगणना फॉर्म?
- पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करें
- कैप्चा भरें
- नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP से सत्यापन करें
- भाषा चुनें और जिला/नजदीकी स्थान दर्ज करें
- इसके बाद 33 सवालों का जवाब दें
ये सवाल मुख्य रूप से:
- मकान
- परिवार
- घर में उपलब्ध सुविधाओं
से जुड़े होंगे। परिवार का मुखिया यह जानकारी भर सकता है।
यूनिक आईडी रखना जरूरी
फॉर्म सबमिट करने के बाद एक यूनिक आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है। इसे लिखकर या स्क्रीनशॉट लेकर रखा जा सकता है।
2 मई से घर-घर सत्यापन
2 मई से सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर पहले से भरी जानकारी को इसी आईडी के आधार पर जांचेंगे और जरूरत पड़ने पर संशोधन कर अंतिम रूप देंगे।
डीएम का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे 17 और 18 अप्रैल को प्राथमिकता के आधार पर अपनी स्व-गणना पूरी करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता और जिला सांख्यिकी पदाधिकारी लखीराम मुर्मू समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।














