पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणाम को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी है। बोर्ड के अध्यक्ष आनन्द किशोर ने बताया कि 10वीं कक्षा का रिजल्ट आज, 29 मार्च 2026 को दोपहर 01:15 बजे जारी किया जाएगा।
इस अवसर पर बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार परिणाम जारी करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र भी मौजूद रहेंगे। रिजल्ट जारी होते ही छात्र-छात्राएं अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे।
इस वर्ष बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में लगभग 15 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद से ही छात्रों को अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार था, जो अब खत्म होने जा रहा है।
छात्र अपना रिजल्ट बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in और results.biharboardonline.com पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके लिए छात्रों को अपना रोल नंबर और रोल कोड दर्ज करना होगा।
रिजल्ट चेक करने के लिए पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं, फिर “BSEB Matric Result 2026” के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद मांगी गई जानकारी भरकर सबमिट करें। स्क्रीन पर रिजल्ट दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड या प्रिंट किया जा सकता है।
बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि रिजल्ट जारी होने के समय वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण परेशानी हो सकती है, ऐसे में धैर्य बनाए रखें और कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करें।


















