बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने पुलिस भर्ती और आंतरिक सुरक्षा को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। एक तरफ विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर बहाली प्रक्रिया तेज हो गई है, वहीं दूसरी ओर कानून-व्यवस्था और सीमाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए नए फैसले लिए जा रहे हैं।
जून महीने में होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में है। मद्य निषेध, जेल, परिवहन, वायरलेस और विशेष शाखा में कुल 5312 सिपाही पदों पर भर्ती के लिए 16 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
1799 दारोगा पदों के लिए 27 मई को मेंस परीक्षा
बिहार पुलिस में 1799 दारोगा पदों पर भर्ती के लिए 27 मई को मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 35,857 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से साफ निर्देश जारी किए गए हैं कि बिना एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
इसके साथ ही मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरबड्स, इलेक्ट्रॉनिक पेन समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
‘आईजी बॉर्डर’ का नया पद सृजित
राज्य सरकार ने सिर्फ भर्ती प्रक्रिया पर ही नहीं, बल्कि आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर भी फोकस बढ़ाया है। बिहार कैबिनेट ने सीमावर्ती इलाकों की निगरानी के लिए ‘आईजी बॉर्डर’ का नया पद सृजित करने की मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि नेपाल सीमा और संवेदनशील क्षेत्रों में इससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
नक्सलवाद के खिलाफ बड़ा फैसला
नक्सल प्रभावित इलाकों में कार्रवाई तेज करने के लिए सरकार ने एसटीएफ के 50 विशेष जवानों की 15 वर्षों तक फिक्स तैनाती को मंजूरी दी है। सरकार का मानना है कि इससे एंटी-नक्सल ऑपरेशन और खुफिया नेटवर्क को नई ताकत मिलेगी।
इसके अलावा विज्ञान एवं तकनीक विभाग में 53 नए पदों के सृजन और ‘यंग प्रोफेशनल नीति-2026’ को भी मंजूरी मिल चुकी है।
विशेष शाखा और वायरलेस विभाग की परीक्षा तिथि जारी
विशेष शाखा में सिपाही के 83 पदों के लिए लिखित परीक्षा 24 जून को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक पाली में होगी। इसमें दो पेपर होंगे और दोनों में शामिल होना अनिवार्य रहेगा। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी लागू होगी।
अभ्यर्थी 11 जून से परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जबकि एडमिट कार्ड 18 जून से 24 जून तक डाउनलोड किए जा सकेंगे।
वहीं बिहार पुलिस दूरसंचार यानी वायरलेस विभाग में सिपाही प्रचालक के 993 पदों के लिए परीक्षा 21 जून को होगी। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 11 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। इस परीक्षा के एडमिट कार्ड 15 जून से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

















