पटना: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम बन गया है। करीब दो दशकों तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं, जिसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। सुबह से ही राजधानी पटना में सियासी हलचल चरम पर है।
इसी बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी सामने आ रही है कि सम्राट चौधरी का नाम लगभग तय हो चुका है और वे बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है।
दूसरी ओर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री सह पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच चुके हैं। दोनों नेता जल्द ही भाजपा कार्यालय पहुंचकर विधायक दल की बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां अंतिम निर्णय पर मुहर लग सकती है।
राजनीतिक घटनाक्रम के बीच एक और बड़ा संकेत जदयू की ओर से मिला है। जानकारी के अनुसार, जदयू विधायक दल की बैठक रद्द कर दी गई है। इसे गठबंधन के भीतर बनी सहमति और बदलते सत्ता समीकरण का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
जहां एक ओर भाजपा कार्यालय में जबरदस्त चहल-पहल देखने को मिल रही है, वहीं जदयू कार्यालय के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है। भाजपा कार्यालय को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जिससे यह साफ है कि पार्टी बड़े ऐलान की तैयारी में है।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा कार्यालय में मीडिया कर्मियों की एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अंदर अहम रणनीतिक बैठकें चल रही हैं।
कुल मिलाकर, बिहार में सत्ता परिवर्तन अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सभी की नजरें अब उस आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि राज्य की सत्ता की कमान आखिर किसके हाथों में सौंपी जाएगी।















