बिहार में होली की दस्तक से पहले बक्सर से एक कथित वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। जानकारी के अनुसार, बगेन गोला थाना में पदस्थापित एक दारोगा का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वायरल क्लिप में संबंधित अधिकारी वर्दी में नहीं दिख रहे, लेकिन एक निजी महफिल में डीजे की धुन पर एक महिला डांसर के साथ क़रीबी अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्हें कभी डांसर को गोद में बैठाते तो कभी चुम्बन लेते हुए दिखाया जा रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि कार्यक्रम कब और कहां का है।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। होली जैसे संवेदनशील त्योहार से पहले जब जिला प्रशासन शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहा है, तब पुलिस विभाग के एक अधिकारी से जुड़े इस कथित वीडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शुभम आर्य, पुलिस अधीक्षक बक्सर, ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि वीडियो की सत्यता, समय, स्थान और परिस्थितियों की बारीकी से जांच कराई जा रही है। संबंधित अधिकारियों को जल्द तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी के मुताबिक, यदि जांच में यह पाया जाता है कि आचरण सेवा नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है और होली से पहले यह ‘रंगीन’ प्रकरण जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।























