दिल्ली के द्वारका जिले के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में बिहार के खगड़िया निवासी एक मजदूर की मौत हो गई है। इस घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने गहरा दुख जताया है और इसे बेहद दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों के लिए कुल 8 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। इसमें 4 लाख रुपये श्रम संसाधन विभाग की ओर से और 4 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य मिले।
दरअसल, Dwarka क्षेत्र में हाल ही में एक हवलदार द्वारा दो बिहारी युवकों पर गोली चलाने की घटना सामने आई थी। इस फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद Pappu Yadav ने दिल्ली पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने भी इस घटना को मानवता को झकझोर देने वाला बताया और दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
इस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने बिहारी युवक को गोली मारे जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। वहीं केंद्रीय मंत्री Jitan Ram Manjhi के एक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मामले की जांच के बाद ही कार्रवाई होगी। इस बयान पर तेजस्वी यादव ने हमला बोलते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की है।
राहुल कुमार की रिपोर्ट













