Fire Alert: झूलाघाट में सशस्त्र सीमा बल कैंप के पास जंगल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग कैंप से महज 50 मीटर की दूरी तक पहुंच गई, जिसके बाद जवानों को खुद मोर्चा संभालना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सलानी के साल जंगल में बुधवार दोपहर अचानक आग भड़क उठी। सूखी पत्तियों और कम नमी के कारण आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते आबादी और एसएसबी कैंप के करीब पहुंच गई।
स्थिति गंभीर होते देख कैंप में तैनात जवान तुरंत सक्रिय हो गए और आग बुझाने में जुट गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
तेज हवा और सूखे मौसम के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे नियंत्रण में लाने में मुश्किल हो रही है। घाटी क्षेत्र होने के कारण तापमान भी अधिक है और धुएं के चलते पूरे इलाके में धुंध जैसा माहौल बन गया है। इससे सांस संबंधी मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
ग्रामीणों में भी डर का माहौल है, क्योंकि आग के जंगल से निकलकर बस्तियों तक पहुंचने की आशंका बनी हुई है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।














