पश्चिम बंगाल के पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों के घेराव और बंधक बनाए जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड, वकील मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी फ्लाइट के जरिए फरार होने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी कालियाचक में हुई इस सनसनीखेज घटना का मुख्य साजिशकर्ता है। यह घटना बुधवार रात कालियाचक क्षेत्र में हुई थी, जहां प्रदर्शनकारियों ने सात न्यायिक अधिकारियों को बीडीओ कार्यालय के अंदर कई घंटों तक बंधक बनाकर रखा।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक एक आईएसएफ उम्मीदवार समेत कुल 33 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
घटना मोथाबारी विधानसभा क्षेत्र के कालियाचक II ब्लॉक कार्यालय में हुई थी। यहां वोटर लिस्ट से नाम हटाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और अधिकारियों को करीब साढ़े सात घंटे तक घेरकर रखा गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया। बुधवार आधी रात के करीब बलों ने कार्रवाई करते हुए सभी न्यायिक अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश या संगठित नेटवर्क तो नहीं है।















