Mumbai में महंगाई का असर अब रोजमर्रा के खाने पर भी साफ दिखने लगा है। दूध के बाद अब ब्रेड की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। कई बड़ी ब्रेड कंपनियों ने 16 मई से नई कीमतें लागू कर दी हैं, जिसके तहत अलग-अलग प्रकार की ब्रेड पर ₹2 से ₹5 तक की बढ़ोतरी हुई है।
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो रोजाना ब्रेड और पाव से बने खाद्य पदार्थों पर निर्भर रहते हैं। मुंबई में बड़ी संख्या में लोग नाश्ते और खाने में वड़ा पाव, मिसल पाव, भाजी पाव और सैंडविच का सेवन करते हैं। ऐसे में ब्रेड महंगी होने से इन फूड आइटम्स के दाम भी बढ़ सकते हैं।
नई कीमतें इस प्रकार हैं:
- 400 ग्राम सैंडविच ब्रेड: ₹40 से बढ़कर ₹45
- होल व्हीट ब्रेड: ₹55 से बढ़कर ₹60
- मल्टीग्रेन ब्रेड: ₹60 से बढ़कर ₹65
- स्मॉल ब्राउन लोफ: ₹28 से बढ़कर ₹30
- व्हाइट लोफ: ₹20 से बढ़कर ₹22
- ब्राउन ब्रेड: ₹45 से बढ़कर ₹50
बेकरी संचालकों के अनुसार उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है। प्लास्टिक पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और बाहर से आने वाले कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि से लागत बढ़ी है। रुपये की कमजोरी का असर भी आयातित सामग्री पर पड़ा है। वहीं हाल ही में दूध की कीमत बढ़ने से भी खाद्य उत्पादों की लागत प्रभावित हुई है।
ग्राहकों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से घर का बजट बिगड़ता जा रहा है और रोजमर्रा की चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही हैं।
















