Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान जारी है। गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं, जहां मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 152 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 44,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7,384 बूथों को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है। करीब 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, कुल 44,376 बूथों पर मतदान हो रहा है, जिसमें लगभग 3,000 सहायक बूथ भी शामिल हैं। खास बात यह है कि 5,444 बूथों का संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जा रहा है, जबकि 207 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। दोनों ही पार्टियां जीत के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी हैं।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान अगले सप्ताह आयोजित किया जाएगा।














