नौबतपुर | प्रखंड के मोतीपुर गांव में मगध कैंसर सेंटर फाउंडेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस अस्पताल की आधारशिला राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने रखी। भूमि पूजन और शिलान्यास के अवसर पर आयोजित समारोह में मंत्री ने कहा कि इस अत्याधुनिक सेंटर के बन जाने के बाद बिहार के मरीजों को इलाज के लिए पटना या दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

अस्पताल के एमडी और प्रख्यात कैंसर विशेषज्ञ डॉ. रिदु कुमार शर्मा ने बताया कि यह 500 बेड का हाईटेक सुपर स्पेशियलिटी कैंसर अस्पताल होगा। इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं, नवीनतम मेडिकल टेक्नोलॉजी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम होगी, जो कैंसर के सभी प्रकार के उपचार को कवर करेगी।

डॉ. शर्मा ने कहा कि यह अस्पताल सिर्फ बिहार का ही नहीं, बल्कि देश का नंबर एक कैंसर अस्पताल बनेगा। मरीजों को क्वालिटी ट्रीटमेंट, सर्वश्रेष्ठ देखभाल और आधुनिक चिकित्सा सेवाएँ इसी कैंसर सेंटर में उपलब्ध होंगी।
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्वास्थ्य सुविधाओं को हर जिले तक पहुंचाना है और इस सेंटर का निर्माण इसी दृष्टि का उदाहरण है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल जल्द ही पूरी तरह से चालू होगा और असाध्य रोगों के इलाज में बिहार का नाम पूरे देश में चमकेगा।
यह अस्पताल न केवल स्थानीय लोगों के लिए राहत का कारण बनेगा, बल्कि पूरे राज्य और देश के मरीजों के लिए उच्चस्तरीय कैंसर उपचार का केंद्र साबित होगा।
पटना से राहुल कुमार की रिपोर्ट

















