बिहार के नवादा जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र में अवैध पार्किंग वसूली को लेकर विवाद ने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। एक ट्रक चालक पर हुए हमले के विरोध में आक्रोशित लोगों ने शहर के मुख्य मार्गों को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से टैक्स वसूली को लेकर पहले से ही स्थानीय लोगों और चालकों में नाराजगी थी। इसी बीच एक ट्रक चालक का सिर फोड़ दिए जाने की घटना ने आग में घी का काम किया। इसके बाद ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों को अवरुद्ध कर दिया।
इस जाम का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ा। भीषण गर्मी में छुट्टी के बाद घर लौट रही निजी स्कूलों की बसें लंबे समय तक फंसी रहीं। पानी की कमी और तेज धूप के कारण बच्चे परेशान नजर आए, वहीं कई अभिभावक अपने बच्चों की चिंता में मौके पर पहुंच गए।
प्रदर्शन के दौरान ट्रक चालकों ने अपने वाहनों को सड़क पर तिरछा खड़ा कर दिया, जिससे एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुईं। स्थानीय लोगों ने इस स्थिति के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में पहले स्कूली बसों और एंबुलेंस के लिए रास्ता साफ कराया गया। इसके बाद अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और त्वरित प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।














