Raxaul में भारत-नेपाल सीमा पर चल रहे अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क के खिलाफ पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त छापेमारी में करीब 30 लाख रुपये की नेपाली और भारतीय मुद्रा बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम रक्सौल थाना पुलिस और पटना एसटीएफ की टीम ने सब्जी बाजार स्थित एक मिठाई दुकान पर अचानक छापा मारा। प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में 17 लाख 85 हजार नेपाली रुपये और 13 लाख भारतीय रुपये बरामद किए गए।
अचानक हुई रेड से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के मुताबिक, लंबे समय से सीमा क्षेत्र में अवैध तरीके से करेंसी एक्सचेंज कारोबार चलने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसटीएफ के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें नकरदेई थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद साहेब और रक्सौल के कौड़ीहार निवासी रतन कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मोहम्मद साहेब इस अवैध नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जबकि रतन कुमार पैसे बदलवाने के लिए वहां पहुंचा था।
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, फाइनेंसर और सीमा पार कनेक्शन की जांच में जुटी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी तरह की अवैध आर्थिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसे नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई की काफी चर्चा है और इसे सीमा क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।














