बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पांच बच्चों के साथ जहर खाकर जान देने की कोशिश की। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के मोहनपुर वार्ड संख्या-5 की बताई जा रही है। महिला की पहचान सोनी देवी (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका अपने सास-ससुर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, महिला ने कीटनाशक दवा को दूध में मिलाकर खुद और अपने बच्चों को पिला दिया। इसके बाद सभी की हालत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों की मदद से सभी को पहले सहरसा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए श्री नारायणा मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक, सभी को आईसीयू में रखा गया है। महिला की तीन बेटियां (14, 13 और 6 वर्ष) और दो जुड़वां बेटे (5 वर्ष) हैं। इनमें दोनों बेटों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। महिला के होश में आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
घटना की सूचना महिला के पति रंजन पंडित को दे दी गई है, जो दिल्ली में मजदूरी करते हैं। पुलिस ने मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।














