बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत महेश्वर वार्ड नंबर 02 में देर रात गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना उस समय हुई जब 23 वर्षीय युवक अपने घर में सो रहा था।

परिजनों के अनुसार, युवक घर के पीछे दरवाजे के पास सोया हुआ था और खिड़की हवा के कारण खुली हुई थी। रात करीब 2:30 से 2:45 बजे के बीच अचानक फाटक जैसी आवाज हुई। तभी युवक ने आवाज लगाई—“मार दिया”, जिसके बाद वह बेहोश हो गया।
आवाज सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन घर में सन्नाटा पसरा हुआ था। इसके बाद तुरंत नावकोठी थाना प्रभारी को फोन कर घटना की सूचना दी गई।
कुछ देर बाद जब युवक को होश आया, तो उसने बताया कि उसे गोली मारी गई है। पीड़ित ने होश में आने के बाद दो हमलावरों को पहचानने की बात कही है। युवक को एक गोली लगी है, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वे एक साधारण परिवार से हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट
















