बेगूसराय।
जिले में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। DIU टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना अध्यक्ष दिवाकर कुमार सिंह के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना पुलिस एवं DIU टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान ग्राम–पसपुरा से गोपाल राय, पिता–स्व. राजेन्द्र राय, साकिन–चतरा, थाना–मुफस्सिल, जिला–खगड़िया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के पास से 54 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही कार्रवाई के दौरान 03 कार, 01 स्कूटी, 01 मोबाइल फोन तथा 13 विभिन्न वाहनों के नंबर प्लेट भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए वाहन और अन्य सामग्री का उपयोग अवैध शराब के भंडारण एवं परिवहन में किया जा रहा था। इस संबंध में मुफस्सिल थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है। अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस लगातार छानबीन कर रही है।
थाना अध्यक्ष दिवाकर कुमार सिंह ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अवैध शराब या नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बेगूसराय पुलिस ने एक बार फिर संदेश दिया है—
“शराब नहीं, सेहत चुनें, खुशहाल रहें।”

अजय शास्त्री की रिपोर्ट















