बेगूसराय।
जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने थानाध्यक्ष स्तर पर व्यापक फेरबदल किया है। जिलादेश संख्या 370/2026 के तहत कई पुलिस पदाधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला किया गया है। सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार डीआईयू शाखा में पदस्थापित सतीश कुमार हिमांशु को नगर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं लोहियानगर थाना के थानाध्यक्ष रहे जितेन्द्र राम को गढ़हरा थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
चकिया थाना के थानाध्यक्ष नीरज कुमार चौधरी को रतनपुर थाना भेजा गया है। इसी क्रम में डीआईयू शाखा में कार्यरत विकास कुमार को लोहियानगर थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पुलिस केन्द्र में पदस्थापित राजीव कुमार रंजन को चकिया थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार कहीं तत्कालीन थानाध्यक्ष के स्थानांतरण, कहीं निलंबन तथा कहीं दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के कारण पद रिक्त होने पर यह कार्रवाई की गई है। उक्त आदेश को पुलिस उपमहानिरीक्षक, बेगूसराय क्षेत्र की स्वीकृति प्राप्त है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनाना है।















