बेगूसराय : जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र स्थित देवा नगर में बुधवार को रिश्तेदारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में अमरौर किरतपुर के पूर्व मुखिया समेत चार लोग घायल हो गए। मारपीट की पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
घायलों की पहचान अमरौर किरतपुर के पूर्व मुखिया प्रवीण कुमार सिंह, प्रभाकर रमण, सूरज कुमार और दिवाकर सिंह उर्फ छोटू के रूप में हुई है। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो की हालत गंभीर, पटना रेफर
घटना में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मारपीट की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर पूरे विवाद की पड़ताल कर रही है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। घटना के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।















