बेगूसराय में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी का असर अब सरकारी कार्यक्रमों पर भी दिखने लगा है। सोमवार को बिहार सरकार के एक मंत्री एवं बेगूसराय जिले के प्रभारी मंत्री के कारगिल भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर दे रही एक महिला सिपाही अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।
जानकारी के अनुसार, मंत्री के स्वागत के लिए पुलिस बल गार्ड ऑफ ऑनर दे रहा था। इसी दौरान तेज धूप और अत्यधिक गर्मी के कारण महिला सिपाही की तबीयत बिगड़ गई और वह अचानक जमीन पर गिर गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने तुरंत महिला सिपाही को संभाला तथा पानी का छिड़काव कर प्राथमिक सहायता दी। इसके बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
बेगूसराय समेत बिहार के कई जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। ऐसे में खुले मैदानों में लंबे समय तक ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। महिला सिपाही के बेहोश होने की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट















