Bihar Crime News: बिहार के नवादा जिले में पुलिस तंत्र से जुड़े दो चौकीदारों पर हुए हमलों ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ धमौल थाना के सामने चौकीदार जितेंद्र पासवान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, वहीं दूसरी ओर कादिरगंज थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन रोकने गए एक अन्य चौकीदार को बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार धमौल थाना में तैनात चौकीदार जितेंद्र पासवान पर थाना के ठीक सामने एक युवक ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें पकरीबरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पावापुरी और फिर पटना रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि हमला शराब से जुड़े किसी विवाद को लेकर किया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
वारदात के बाद पकरीबरावां एसडीपीओ Rakesh Kumar Bhaskar मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस हमलावर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन आरोपी फिलहाल गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। थाना के सामने हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
इधर कादिरगंज थाना क्षेत्र में भी चौकीदार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर चौकीदार रामानंदन प्रसाद अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक बेरमी गांव की ओर से कई ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू लेकर गुजर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात चौकीदार ने एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। इसके बाद वहां पहुंचे कुछ लोगों ने वाहन छोड़ने का दबाव बनाया। जब चौकीदार ने ट्रैक्टर छोड़ने से इनकार किया तो बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिसकर्मियों और चौकीदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। वहीं अवैध शराब और बालू कारोबार से जुड़े अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।


















