मोतिहारी जिले के चकिया में जबरन वसूली का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर परिषद के नाम पर चलती गाड़ियों से ‘गुंडागर्दी टैक्स’ वसूला जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध उगाही को वैध दिखाने के लिए बाकायदा रसीद भी काटी जा रही थी।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया। शिवानी शुभम और संतोष कुमार के नेतृत्व में चकिया थाना पुलिस ने चकिया–मधुबन रोड पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में तीन लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया, जो वाहनों से जबरन वसूली कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार, राधेकृष्ण कुमार और कुंदन कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से नगर परिषद के नाम पर जारी 27 रसीद बुक बरामद की गईं, जिससे साफ हो गया कि यह वसूली पूरी तरह संगठित तरीके से की जा रही थी।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि ईशांत कुमार नामक व्यक्ति इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। उसी के नाम पर लाइसेंस का इस्तेमाल कर अवैध वसूली को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस अब उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस तरह की गुंडागर्दी और जबरन वसूली को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद चकिया में एक बड़ा संदेश गया है—अब ‘गुंडागर्दी टैक्स’ के नाम पर चल रहा खेल ज्यादा दिन नहीं चलने वाला।























