मुजफ्फरपुर: जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे बेखौफ होकर गांवों में धावा बोल रहे हैं। ताजा मामला कच्ची पक्की ओपी थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात एक संगठित गैंग ने फिल्मी अंदाज में तीन भैंसों की चोरी कर इलाके में सनसनी फैला दी।
बताया जा रहा है कि वारदात थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 2 बजे एक पिकअप वाहन से पहुंचे बदमाशों ने NH-28 मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर मुख्य मार्ग के किनारे स्थित दास राय, फेकन राय और रमेश राय के दरवाजे पर बंधी भैंसों को निशाना बनाया।
तीनों पशुपालक रोज की तरह अपनी भैंसों को घर के बाहर बांधकर सोए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने चुपचाप भैंसों को खोला और पिकअप पर लादकर फरार हो गए। घटना के दौरान पास में खड़े एक ट्रक चालक ने जब हलचल देखी तो उसने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन गैंग के बदमाशों ने उसे धमकाकर चुप करा दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पशुपालकों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत कच्ची पक्की ओपी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है, ताकि पिकअप वाहन और आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि थाना के इतने करीब इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई।
फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन तब तक इलाके के पशुपालकों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।


















