पटना के गांधी मैदान इलाके से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अचानक हिंसा और तोड़फोड़ की घटना हो गई। मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र का है, जहां गांधी मैदान में दो दिवसीय ईस्टर मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम शुरुआत में शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, लेकिन जैसे ही यह समाप्ति की ओर बढ़ा, माहौल अचानक बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व अचानक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और “जय श्री राम” के नारे लगाते हुए कुर्सियों को तोड़ना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने आयोजकों के साथ मारपीट भी की। इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए।
कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर अरुण कुमार संत ने बताया कि लगभग एक दर्जन से अधिक लोग अचानक वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। हमलावरों ने कुर्सियां तोड़ीं और लोगों के साथ मारपीट की, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के लिए बाउंसर भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जब बाउंसरों ने कुछ लोगों को महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने से रोका, तभी विवाद बढ़ गया और हिंसा शुरू हो गई।
आयोजकों की ओर से इस मामले में गांधी मैदान थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल थे और उनका मकसद क्या था।

















