वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कथौलिया बांध के पास आयोजित विवाह कार्यक्रम में डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते पथराव और झड़प में बदल गई।
जानकारी के अनुसार, राजेश पासवान के बेटे पिंटू कुमार की बारात निकलने से पहले बिलौकी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान डीजे पर चिराग पासवान से जुड़ा एक गाना बजाया गया, जिस पर आपत्ति जताते हुए दूसरे पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। शुरुआत में यह मामूली विवाद लगा, लेकिन जल्द ही दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। शादी का खुशनुमा माहौल अचानक अफरा-तफरी और दहशत में बदल गया। बारात में शामिल लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि महिलाएं और बच्चे सहम गए।
बताया जा रहा है कि एक पक्ष ने बारात को आगे बढ़ने से रोकने की भी कोशिश की, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दूल्हे समेत कई बारातियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।


















