बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक जेडीयू के वॉर रूम पहुंचे। उन्होंने पार्टी की ओर से चल रही चुनावी मॉनिटरिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और अलग-अलग विभागों एवं चैंबर का स्वयं मुआयना किया।
मुख्यमंत्री के साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा,
“मुख्यमंत्री खुद स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं। जो रुझान मिल रहे हैं और कार्यकर्ताओं से जो सूचना आ रही है, वह बेहद उत्साहजनक है। एनडीए के पक्ष में हर क्षेत्र में जबरदस्त मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह इस बार भी खासकर महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।”
जेडीयू कार्यालय में नीतीश कुमार के पहुंचने से कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश का माहौल देखा गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सभी जिलों से आ रहे मतदान रुझानों की सीधी रिपोर्ट ली और अगली रणनीति को लेकर नेताओं से चर्चा की।
इस दौरान मंत्री विजय चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा,
“तेजस्वी यादव कह रहे हैं कि वे 18 तारीख को शपथ लेंगे और 14 को परिणाम महागठबंधन के पक्ष में आएंगे। शपथ लेने से किसी को कोई नहीं रोक सकता, लेकिन बिहार के राज्यपाल शपथ नीतीश कुमार को ही दिलाएंगे।”
वहीं कांग्रेस की ओर से आए एक ट्वीट पर भी चौधरी ने प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस ने जहां जेडीयू उम्मीदवार न होने पर राजद को वोट देने की अपील की थी, उस पर उन्होंने कहा —
“यह कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन और हास्यास्पद बयान है। जिस पार्टी की अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं है, वह जेडीयू पर टिप्पणी करने की स्थिति में नहीं है।”


















