बेगूसराय —
लोकसभा चुनाव से पहले बेगूसराय में पुलिस कार्रवाई ने बवाल मचा दिया है। मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के चकवाली गांव (जगतपुरा) में पुलिस पर महिला और पुरुषों के साथ बर्बर मारपीट का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने कहा कि रात के अंधेरे में पुलिस घर में घुस गई और महिलाओं से बदतमीजी करते हुए वीडियो बनाने वालों के मोबाइल छीन लिए और फुटेज डिलीट कर दिए।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। आरोप है कि पुलिस ने महागठबंधन उम्मीदवार नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह के समर्थक के घर पर छापेमारी की और वहां से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने अपने साथ लाए गए देशी कट्टे को घर के मुखिया के हाथ में रखकर फर्जी बरामदगी दिखाई।
वीडियो फुटेज में पुलिस द्वारा महिलाओं की पिटाई और घर में तोड़फोड़ की तस्वीरें सामने आई हैं। ग्रामीणों ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया और आंदोलन की चेतावनी दी है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।















