
बेगूसराय।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आज दिनांक 25 जनवरी 2026 को कारगिल विजय सभा भवन, बेगूसराय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता, बेगूसराय श्री ब्रजकिशोर चौधरी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं मतदाताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के संदेश का श्रवण किया। अपने संदेश में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी योग्य नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मतदाता बनने की अपील की। उन्होंने विगत वर्ष बिहार में संपन्न SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कार्य की सराहना करते हुए इसे सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी बताया और कहा कि यह भारत निर्वाचन आयोग के प्रति मतदाताओं के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

इसके उपरांत अपर समाहर्ता श्री ब्रजकिशोर चौधरी द्वारा उपस्थित सभी लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं निर्भीक मतदान के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा एक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में मतदान प्रतिशत, कुल मतदाताओं की संख्या तथा मतदाता सूची से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़ों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता ने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने हेतु सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए जागरूक और जिम्मेदार मतदाता होना अत्यंत आवश्यक है।

धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी सदर, कोषागार पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, युवा वर्ग एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट
















