बेगूसराय : जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तेयाय ओपी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म की आड़ में चल रहे नशीले पदार्थों के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने फतेहपुर गांव स्थित एक डेरा पर छापेमारी कर 23.18 ग्राम स्मैक बरामद किया है। इस दौरान कांग्रेस नेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके से एक बाइक और दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
तेयाय ओपी प्रभारी कुमारी निकिता भारती को 20 मई की दोपहर करीब 2:45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि फतेहपुर गांव में कांग्रेस नेता रविरंजन सिंह के मुर्गी फार्म के पास बने एक डेरा में स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। निर्देश मिलने के बाद ओपी प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देख भागने लगे आरोपी
छापेमारी टीम में ASI सरोज कुमार, रिजर्व गार्ड शिवराम साह और हरिनंदन यादव शामिल थे। पुलिस टीम जैसे ही डेरा पर पहुंची, वहां मौजूद दो लोग भागने की कोशिश करने लगे।
हालांकि पुलिस ने सशस्त्र बल की मदद से घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के दुलारपुर नया टोला वार्ड संख्या-6 निवासी कौशल कुमार और वार्ड संख्या-3 निवासी रविरंजन सिंह के रूप में हुई।
बाइक की डिक्की से मिला स्मैक
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपितों की निशानदेही पर एक बाइक की डिक्की से पन्नी में लिपटा संदिग्ध पदार्थ बरामद किया गया। जांच में यह 23.18 ग्राम स्मैक निकला।
इसके अलावा डेरा से दो एंड्रायड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद स्मैक, बाइक और मोबाइल को जब्त कर सील करते हुए थाना लाया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
तेयाय ओपी प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।















