पटना। बिहार विधान सभा में मंगलवार को शिक्षा विभाग से नौकरी की आस लगाए युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की गई। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि विभाग में एक ही पद पर 45 हजार नियुक्तियां की जाएंगी।
45 हजार परिचारी की होगी बहाली
गोरेकोठी विधायक देवेश कांत सिंह के सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग परिचारी (अटेंडेंट) पद पर 45 हजार नियुक्ति निकालेगा। इस घोषणा से लंबे समय से बहाली की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।
HRA में असमानता होगी खत्म
वहीं वामपंथी विधायक अजय कुमार ने एक ही विद्यालय में नियोजित, विशिष्ट और BPSC शिक्षकों के लिए HRA के अलग-अलग मापदंड पर सवाल उठाया। इस पर मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि इस विसंगति को दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत सुधार कर लिया गया है और जल्द ही एक समान भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
मध्याह्न भोजन पर उठे सवाल
सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता ने स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि स्कूलों में रसोइया होने के बावजूद क्लस्टर किचन से खाना आपूर्ति की जा रही है और कई जगह गुणवत्तापूर्ण व गर्म भोजन नहीं मिल रहा।
मंत्री ने जवाब में कहा कि भोजन की गुणवत्ता की जांच के लिए थर्ड पार्टी मूल्यांकन हेतु NGO को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि रसोइयों का मानदेय दोगुना किया गया है। फिलहाल रसोइयों की संख्या कम होने के कारण NGO की जरूरत पड़ती है, लेकिन रसोइयों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
बजट सत्र के दौरान की गई इस घोषणा को शिक्षा विभाग के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे रोजगार और व्यवस्था सुधार दोनों को गति मिलने की उम्मीद है।















