बिहार में अब सर्दी ने आधिकारिक तौर पर दस्तक दे दी है। पछुआ हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि पटना, गया, नवादा और भोजपुर समेत कई जिलों में सुबह-शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं।
सुबह के वक्त घनी धुंध और शाम की सिहरन ने लोगों को रजाई और गर्म कपड़ों की याद दिला दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। उत्तर बिहार के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर भारत में बर्फबारी शुरू होने और पछुआ हवाओं के सक्रिय होने से बिहार में ठंड का असर तेज हुआ है। वहीं, सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वालों को ठंड का ज्यादा एहसास हो रहा है।















