बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सोमवार को 71वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा (PT) का परिणाम जारी कर दिया। इस बार कुल 14,261 उम्मीदवारों ने सफलता प्राप्त की है। इनमें 71वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए 13,368 अभ्यर्थी, जबकि वित्तीय प्रशासनिक अधिकारी (FAO) पद के लिए 893 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं।
अभ्यर्थी अपना रिज़ल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in से देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
3.16 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल
आयोग के अनुसार, इस परीक्षा के लिए लगभग 4.71 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 3.57 लाख परीक्षार्थियों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, जबकि राज्य के 37 जिलों के 912 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित PT में केवल 3.16 लाख उम्मीदवार शामिल हुए।
उपस्थिति दर लगभग 64.3% रही।
गया जिले में पितृपक्ष मेले के कारण इस बार परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए थे।
1298 पदों के लिए आयोजित हुई परीक्षा
इस प्रारंभिक परीक्षा के जरिए कुल 1298 पदों पर बहाली की प्रक्रिया चल रही है। अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को ‘मॉडरेट’ बताया और कहा कि इस बार करेंट अफेयर्स से अधिक सवाल पूछे गए थे।
अब मेन्स परीक्षा की तैयारी शुरू
प्रारंभिक परीक्षा में सफल परीक्षार्थी अब मुख्य परीक्षा (मेन्स) में शामिल होंगे। मेन्स परीक्षा की संरचना इस प्रकार होगी:
- सामान्य हिंदी — 100 अंक
कम से कम 30% अंक लाना अनिवार्य
इन अंकों को मेरिट में शामिल नहीं किया जाएगा
- सामान्य अध्ययन (GS) — पेपर 1 और पेपर 2
प्रत्येक पेपर 300 अंकों का
समयावधि: 3 घंटे प्रत्येक
- वैकल्पिक विषय (Optional Subject)
कुल 300 अंक
समयावधि: 3 घंटे
मेन्स परीक्षा चयन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण और निर्णायक चरण माना जाता है, इसलिए सफल उम्मीदवारों ने इसकी तैयारी तेज कर दी है।

















