बिहार विधानसभा चुनाव के लंबे समय बाद केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान अपने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर पहुंचे। इस दौरान उनका दौरा विवादों में घिर गया। सबसे पहले चिराग पासवान ने अपने स्वर्गीय पिता रामविलास पासवान की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रतिमा स्थल के पास आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की।
कार्यक्रम की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। लेकिन जैसे ही चिराग पासवान कंबल वितरण के लिए आगे बढ़े, भीड़ बेकाबू हो गई। कंबल पाने के लिए लोगों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और हालात इतने बिगड़ गए कि लोग एक-दूसरे से कंबल छीनने लगे। स्थिति को संभालना मुश्किल होता देख चिराग पासवान मौके से निकल गए और केवल कुछ ही लोगों को अपने हाथों से कंबल बांट पाए।
कंबल नहीं मिलने पर फूटा लोगों का गुस्सा
जिन लोगों को कंबल नहीं मिल सका, उनमें नाराजगी साफ नजर आई। मौके पर मौजूद स्थानीय भाजपा विधायक अवधेश सिंह को भी नाराज लोगों ने घेर लिया और जमकर विरोध जताया। लोगों ने विधायक को खरी-खोटी सुनाई। इस पर विधायक अवधेश सिंह ने हाथ जोड़कर लोगों को शांत करने की कोशिश की और कहा कि उन्हें पहले से जानकारी नहीं थी कि यह कार्यक्रम चिराग पासवान से जुड़ा हुआ है।
कुछ लोगों ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि चिराग पासवान के नाम पर कार्यक्रम में बुलाकर कंबल केवल खास लोगों को ही दिए गए, जबकि गरीब और आम लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। इससे कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
कुछ दूरी पर मनाया जन्मदिन, उठे सवाल
विवाद तब और बढ़ गया जब यह सामने आया कि कार्यक्रम स्थल से कुछ ही दूरी पर चिराग पासवान ने अपने समर्थकों के साथ जन्मदिन मनाया और केक काटा। इसे लेकर सवाल उठने लगे कि गरीबों के बीच कंबल बांटने आए केंद्रीय मंत्री भारी भीड़ और अव्यवस्था देखकर मौके से चले गए, लेकिन पास में ही उत्सव मनाते नजर आए।
लैंड फॉर जॉब मामले पर भी बोले चिराग
इस दौरान मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने ‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में लालू परिवार पर आरोप तय होने को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया है। भारत के कानून बहुत सख्त हैं—दोषी को सजा मिलेगी और निर्दोष को कुछ नहीं होगा। उनका कहना था कि अदालत द्वारा आरोप तय किया जाना इस बात का संकेत है कि जांच के बाद न्याय व्यवस्था अपना काम कर रही है।
हाजीपुर में सियासी और सामाजिक बहस तेज
कंबल वितरण के दौरान मची अफरातफरी और उसके बाद जन्मदिन समारोह को लेकर हाजीपुर में राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर तीखी बहस शुरू हो गई है। जनता और मीडिया के बीच इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।















