ढाका (पूर्वी चंपारण): अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सिकरहमा, पूर्वी चंपारण को एक लिखित आवेदन देकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के स्थानीय पदाधिकारियों ने ढाका मस्जिद के सामने प्रतिबंधित मांस की खुलेआम बिक्री का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि कथित रूप से हो रही बिक्री से आसपास के हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में हस्ताक्षरकर्ता सहदेन्द्र कुमार एवं सत्येन्द्र कुमार (अध्यक्ष, विहिप – ढाका, पूर्वी चंपारण) ने उल्लेख किया है कि मामले की सूचना पहले भी ढाका थाना को दी गई थी, किंतु अब तक “संतोषजनक कार्रवाई” नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है तथा ढाका थाना में आयोजित जनता दरबार में भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी, बावजूद इसके कथित धंधा जारी है।
आवेदन में SDO से मांग की गई है कि मामले की सूक्ष्म जांच कर दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। पत्र की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी मोतिहारी, पुलिस अधीक्षक मोतिहारी, नगर परिषद ढाका के कार्यपालक पदाधिकारी तथा जिला परिषद अध्यक्ष को भी भेजी गई है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया प्रतीक्षित
समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शिकायत के आलोक में पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर जांच की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।















