खगड़िया में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मड़ैया थाना क्षेत्र के देवरी कब्रिस्तान के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिज़ायर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के एयरबैग भी खुल गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मड़ैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को खगड़िया सदर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।















