मोकामा, शनिवार: मोकामा–बख्तियारपुर फोरलेन पर शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पटना की ओर से हाथीदह की तरफ जा रहे तीन ट्रक आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में दो ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे चालक केबिन में फंस गए। जानकारी मिलते ही मौके पर मोकामा पुलिस और स्थानीय लोग पहुंचे। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर मोकामा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घना कोहरा होने के कारण दृश्यता काफी कम थी, जिससे यह हादसा हुआ।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में एक कंटेनर ट्रक भी शामिल है, जिसमें दर्जनों गायें लदी होने की जानकारी है। हालांकि, इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू कर दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
मोकामा डेस्क, भड़कता बिहार















