बाहुबलियों के गढ़ मोकामा में गुरुवार को एक व्यक्ति की हत्या से इलाके में तनाव फैल गया है। मृतक की पहचान दुलारचंद यादव के रूप में की गई है, जिन्हें जनसुराज पार्टी के नेता पीयूष प्रियदर्शी का समर्थक माना जाता था।
घटना को लेकर जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी ने आरोप लगाया है कि दुलारचंद यादव की हत्या चुनावी रंजिश के तहत की गई है। बताया जा रहा है कि विवाद चुनाव प्रचार को लेकर बढ़ा था, जिसके बाद यह हमला हुआ।
सूत्रों के अनुसार, यह वारदात मोकामा टाल क्षेत्र के खुशहालचक और बसावनचक इलाकों के आसपास हुई। हालांकि, पुलिस ने अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
इस बार मोकामा विधानसभा सीट राज्य की सबसे चर्चित और संवेदनशील सीटों में से एक मानी जा रही है। यहां जेडीयू (JDU) ने बाहुबली नेता अनंत सिंह को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राजद (RJD) से पूर्व सांसद सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी मैदान में हैं। दोनों परिवारों का इस क्षेत्र में लंबे समय से राजनीतिक वर्चस्व रहा है।
चुनाव अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और ऐसे में इस हत्या की घटना ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मोकामा में इस बार मुकाबला बेहद कांटे का है और हर गुजरते दिन के साथ राजनीतिक तनाव और बढ़ता जा रहा है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट















