बिहार विधानसभा चुनाव के बीच मोकामा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को हुए दुलारचंद यादव की हत्या के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार को मोकामा के मोर चौक पर जनसैलाब के बीच राजद प्रत्याशी वीणा देवी खुद दुलारचंद यादव के पार्थिव शरीर के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ की ओर रवाना हुईं।
जानकारी के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे रास्ते में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
गौरतलब है कि दुलारचंद यादव की हत्या ने मोकामा की सियासत को हिला कर रख दिया है। वे जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक माने जाते थे। वहीं अब इस घटना ने चुनावी समीकरणों और सियासी बयानबाज़ी को और गर्म कर दिया है।
पुलिस प्रशासन सतर्क है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

















