बिहार के मोकामा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म की पीड़िता को ही पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई हाथीदह थाना पुलिस ने आरोपी युवक से मिली जानकारी के आधार पर की।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात महिला के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि पीड़ित महिला भी देसी शराब की तस्करी के धंधे में शामिल है और उसके घर में शराब छिपाकर रखी गई है।
पुलिस ने सूचना की जांच की तो महिला के घर के आंगन में बालू के नीचे छिपाकर रखी गई देसी शराब बरामद हुई। इसके बाद शनिवार रात पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार कर लिया।
हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि बरामदगी के बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए महिला को जेल भेजा गया है। वहीं ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी युवक और महिला दोनों मिलकर शराब तस्करी के धंधे में संलिप्त थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस घटना ने इलाके में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
















