राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। खासकर चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ताजा मामला कदमकुआं थाना क्षेत्र के कांग्रेस मैदान इलाके का है, जहां सोमवार शाम करीब साढ़े 8 बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता लोहानीपुर स्थित अपने अपार्टमेंट से खरीदारी के लिए निकली थीं। मंदिर में प्रसाद लेने के बाद जैसे ही वह सड़क किनारे फल खरीदने जा रही थीं, तभी पीछे से आए अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान महिला को हल्की चोट भी आई है।
घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति को जानकारी दी, जिसके बाद कदमकुआं थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटनाएं पुलिस गश्ती व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। केवल अप्रैल महीने में ही कदमकुआं क्षेत्र में चेन छिनतई के आधा दर्जन से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
महिलाओं में डर का माहौल है। कई महिलाओं का कहना है कि अब घर से बाहर निकलना भी असुरक्षित लगने लगा है।
पटना पुलिस का दावा है कि चेन स्नैचिंग पर लगाम लगाने के लिए नई रणनीति तैयार की गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि लगातार हो रही घटनाएं इन दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं।
राहुल कुमार की रिपोर्ट

















