पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव की आहट तेज़ होते ही सियासी बयानबाज़ी और वादों की बारिश शुरू हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने राज्य के युवाओं से बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा कि अगर जनता इस बार उनकी पार्टी को सत्ता में लाती है, तो किसी को भी रोजगार की तलाश में बिहार छोड़कर दिल्ली, मुंबई या सूरत नहीं जाना पड़ेगा।
किशोर ने कहा, “अगर आप जन सुराज को वोट देंगे, तो जो लोग छठ के लिए घर आए हैं, वे अब रोज़गार के लिए बिहार से बाहर नहीं जाएंगे। बिहार के नौजवान अपने घर में ही सम्मानजनक काम पाएंगे।”

उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी राज्य में रोज़गार की मजबूत प्रणाली स्थापित करेगी, जिससे युवाओं को बेहतर जीवनयापन का अवसर मिलेगा। किशोर ने कहा कि बिहार जन सुराज की जन्मभूमि है और पार्टी का लक्ष्य जनता को राजनीतिक “बंधुआगिरी” से आज़ाद कराना है।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “गुजरात में एक लाख करोड़ की बुलेट ट्रेन बन रही है, लेकिन बिहार के लोग छठ पर घर लौटने के लिए ट्रेन में सीट तक नहीं पा रहे। जिस राज्य ने देश को सबसे ज़्यादा मज़दूर दिए, वही आज बेरोज़गारी की राजधानी बन गया है।”


















