बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है। सातवें दिन की कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए विधायक विधानसभा पहुंच रहे हैं। इसी दौरान विधानसभा परिसर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा दावा करते हुए बिहार पुलिस की एनकाउंटर कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए।

विधानसभा परिसर पहुंचते ही भाई वीरेंद्र ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में एक खास जाति और धर्म के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, लेकिन किसी एक जाति या समुदाय को निशाना बनाना गलत है।
भाई वीरेंद्र ने कहा, “हम अपराधियों के खिलाफ हैं, चाहे वे किसी भी जाति या धर्म के हों। लेकिन लगातार सुनने में आ रहा है कि फलना गोप, फलना यादव या फलना खान का एनकाउंटर हुआ। ऐसा प्रतीत होता है कि एक खास जाति और धर्म के लोगों को ही निशाना बनाया जा रहा है।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में कुछ अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है और मोकामा, बाढ़ तथा नालंदा जैसे इलाकों से आपराधिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तीखा हमला बोला। भाई वीरेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उनके आसपास के लोग उन्हें सही सलाह नहीं दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री को दवा देकर स्वस्थ किया जाना चाहिए।”
सदन परिसर में दिए गए इस बयान के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।















